सुशासन तिहार में ग्रामीणों को मिला जमीन का कानूनी अधिकार, 10 परिवारों को आबादी पट्टा वितरित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविर अब केवल शिकायतों के समाधान तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि ग्रामीणों को उनके अधिकार दिलाने का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं। महासमुंद जिले के सरायपाली विकासखंड के ग्राम गढ़फुलझर में आयोजित समाधान शिविर में 10 पात्र हितग्राहियों को भूस्वामित्व आबादी पट्टा वितरित किया गया।
आबादी पट्टा मिलने के बाद लाभार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। ग्रामीणों ने बताया कि अब उन्हें अपने आवासीय भूमि पर कानूनी स्वामित्व मिल गया है, जिससे भविष्य में आवास, बैंक ऋण और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।
शिविर में सरायपाली, मेदनीपुर, छोटेपटनी और केंवटापाली के हितग्राहियों को यह महत्वपूर्ण दस्तावेज सौंपे गए। लाभार्थियों ने कहा कि सुशासन तिहार के जरिए प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंच रहा है और जरूरतमंदों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यह पहल ग्रामीणों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।



