रायपुर में लॉन्च हुई नेक्स्ट जनरेशन डायल-112 सेवा, 54 हाईटेक इमरजेंसी वाहन हुए रवाना

रायपुर। राजधानी रायपुर में नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक तेज, प्रभावी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में “डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जनरेशन” सेवा की शुरुआत की गई। पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर 54 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहनों को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
इस नई व्यवस्था के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र के लिए 33 और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 21 इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर त्वरित सहायता के लिए 4 विशेष हाईवे पेट्रोलिंग वाहन भी तैनात किए गए हैं।
इन सभी वाहनों में जीपीएस, रियल टाइम ट्रैकिंग, कॉल रिकॉर्डिंग, स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम और डिजिटल कम्युनिकेशन जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इससे किसी भी आपातकालीन सूचना पर पुलिस और अन्य सेवाएं बेहद कम समय में मौके पर पहुंच सकेंगी।
डायल-112 सेवा अब प्रदेश के सभी 33 जिलों में लागू कर दी गई है। “एक नंबर, सबकी मदद” की अवधारणा पर आधारित इस सेवा के जरिए नागरिक केवल 112 डायल कर पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल इमरजेंसी, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन और हाईवे सहायता जैसी कई सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संकट या आकस्मिक स्थिति में तुरंत डायल-112 का उपयोग करें। पुलिस विभाग चौबीसों घंटे लोगों की सुरक्षा और सहायता के लिए तैयार है।



