Surajpur gets hi-tech health facility: 32-slice CT scan machine commissioned at the district hospital, now serious diseases will be tested in the district itself.

सूरजपुर को मिली हाईटेक हेल्थ सुविधा: जिला अस्पताल में शुरू हुई 32 स्लाइस CT स्कैन मशीन, अब गंभीर बीमारियों की जांच होगी जिले में ही

रायपुर। सुशासन तिहार के दौरान छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले को बड़ी स्वास्थ्य सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिला चिकित्सालय सूरजपुर में अत्याधुनिक 32 स्लाइस CT स्कैन मशीन का वर्चुअल शुभारंभ किया। करीब 4.49 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह सुविधा अब जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई रफ्तार देगी।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, CGMSC और मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष की मदद से शुरू हुई यह मशीन अब गंभीर बीमारियों की जांच स्थानीय स्तर पर ही संभव बनाएगी। इससे न केवल सूरजपुर जिले की करीब 9 लाख से अधिक आबादी को फायदा मिलेगा, बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी राहत मिलेगी।

अब सड़क हादसों में हेड इंजरी, ब्रेन हेमरेज, ब्लड क्लॉट, कैंसर, ट्यूमर, स्ट्रोक, छाती संक्रमण, पेट की गंभीर बीमारियों और मिर्गी जैसी जटिल समस्याओं की जांच जिला अस्पताल में ही हो सकेगी। पहले इन जांचों के लिए मरीजों को अंबिकापुर भेजा जाता था, जिससे समय और पैसों दोनों की परेशानी बढ़ती थी।

नई सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को निजी सेंटरों की तुलना में कम खर्च में CT स्कैन जांच मिल सकेगी। अस्पताल में 24×7 रेडियोलॉजिस्ट और प्रशिक्षित टेक्नीशियनों की टीम भी तैनात की गई है, ताकि मरीजों को लगातार बेहतर और तेज स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

सरकार का दावा है कि इस पहल से स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच मजबूत होगी और गरीब व ग्रामीण मरीजों पर आर्थिक बोझ भी कम पड़ेगा।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18504

Leave a Reply