“ओजस्वी सरगुजा” से मेधावी छात्रों को नई उड़ान, नीट-जेईई तैयारी के लिए रायपुर रवाना हुए 55 विद्यार्थी

रायपुर। सरगुजा जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए जिला प्रशासन ने “ओजस्वी सरगुजा” योजना के तहत मेधावी विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़ा अवसर दिया है। योजना के अंतर्गत शासकीय स्कूलों के 10वीं बोर्ड परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 55 चयनित विद्यार्थियों को रायपुर भेजा गया, जहां उन्हें प्रतिष्ठित एलेन कैरियर इंस्टिट्यूट में निःशुल्क आवासीय कोचिंग दी जाएगी। यह पूरी व्यवस्था जिला खनिज संस्थान न्यास के आर्थिक सहयोग से संचालित की जा रही है।
रायपुर रवाना होने से पहले आयोजित अभिनंदन समारोह में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों और उनके पालकों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पहल केवल कोचिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि आज सरगुजा के ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों से निकलकर बच्चे डॉक्टर और इंजीनियर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, जो पूरे जिले और प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
योजना की खास बात यह रही कि विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के 5 विद्यार्थियों को भी इसमें शामिल किया गया है। इनमें 4 छात्राएं नीट और 1 छात्रा जेईई की तैयारी करेगी। कुल चयनित विद्यार्थियों में 36 विद्यार्थी नीट तथा 19 विद्यार्थी जेईई की तैयारी करेंगे। सामाजिक समावेशिता को ध्यान में रखते हुए अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को भी अवसर दिया गया है।
विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान किसी आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए प्रत्येक छात्र को प्रतिमाह 7,500 रुपये की छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, कलेक्टर अजीत वसंत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।




