छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रामगढ़ महोत्सव 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में, पर्यटन मंत्री ने किया स्थल निरीक्षण

आषाढ़ मास के प्रथम दिवस पर आयोजित होने वाले रामगढ़ महोत्सव 2026 की तैयारियों को लेकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने उदयपुर विकासखंड स्थित रामवनगमन पर्यटन परिपथ और विश्व की प्राचीनतम नाट्यशाला रामगढ़ का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर पहुंचकर महोत्सव से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि रामगढ़ महोत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से रामगढ़ की ऐतिहासिक विरासत, सीताबेंगरा और जोगीमारा गुफाओं सहित रामवनगमन पर्यटन परिपथ को व्यापक पहचान मिलेगी।

29 और 30 जून को आयोजित होने वाले दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। महोत्सव में प्रदेशभर से जनप्रतिनिधि, कलाकार, पर्यटक और आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

मंत्री ने सीताबेंगरा, हाथी पोल, हेलीपैड, मुख्य मंच, पार्किंग, पंडाल, बैठक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आगंतुकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने विभागवार जिम्मेदारियों के निर्धारण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा, यातायात और सुरक्षा प्रबंधन तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्य समय पर पूर्ण हों ताकि आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

कलेक्टर अजीत वसंत ने भी सभी विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button