जरही में 463 स्वास्थ्य शिविरों से बदली तस्वीर, हजारों लोगों को घर के पास मिली मुफ्त इलाज की सुविधा

रायपुर। नगर पंचायत जरही में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना शहरी गरीबों और स्लम बस्तियों के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। योजना के तहत अब तक 463 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से नागरिकों को उनके घर के पास ही निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, उपचार और दवाइयों की सुविधा मिल रही है।
अब तक आयोजित शिविरों में 22,495 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया, जबकि प्रति शिविर औसतन 49 मरीजों ने सेवाओं का लाभ उठाया। इसके अलावा 5,635 लैब जांचें की गईं और 19,395 मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविरों में गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान पर भी विशेष ध्यान दिया गया। 536 लोगों की शुगर जांच में 86 मरीज मधुमेह से प्रभावित पाए गए। वहीं 21,603 लोगों का रक्तचाप परीक्षण किया गया, जिनमें 2,144 मरीज उच्च रक्तचाप एवं शुगर संबंधी समस्याओं से ग्रसित मिले। सभी मरीजों को आवश्यक उपचार, दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि नियमित शिविरों के माध्यम से लोगों को समय रहते जांच और उपचार मिलने से गंभीर बीमारियों की पहचान और नियंत्रण में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।




