छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

चेमा गांव में 54 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन, ग्रामीणों से संवाद कर विकास का भरोसा

बस्तर के मर्दापाल क्षेत्र के ग्राम चेमा में विकास कार्यों को नई गति देने की दिशा में शुक्रवार को करीब 54 लाख रुपये की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

उन्होंने कहा कि माओवादी गतिविधियों में कमी आने के बाद बस्तर के दूरस्थ इलाकों में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि गांव-गांव तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जाएं, ताकि ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर हो और वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के साथ-साथ ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति मजबूत करना भी शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं से भी चर्चा की गई। महिलाओं को पशुपालन, मत्स्य पालन और अन्य स्वरोजगार आधारित गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा गया कि इससे वे आत्मनिर्भर बनने के साथ परिवार की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।

भूमिपूजन किए गए कार्यों में छह पुलियों और एक सीसी सड़क का निर्माण शामिल है। इनमें जयराम खेत, रूपधर शोरी के खेत, मनीराम खेत और पुजारीपारा क्षेत्र में पुलिया निर्माण के साथ करागुडरा पारा से हसलननार मुख्य मार्ग तक सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ग्रामीणों को वर्षभर बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जनपद सदस्य रमशीला कोर्राम, सरपंच खेम सोरी, सतबती कश्यप, सनत शोरी, बिशनाथ कोर्राम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button