बीजापुर में पीएम-किसान पंजीयन अभियान तेज, पात्र किसान जल्द कराएं आवेदन और पाएं सालाना 6,000 रुपये

बीजापुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना का लाभ जिले के प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाने के उद्देश्य से बीजापुर जिला प्रशासन और कृषि विभाग ने विशेष पंजीयन अभियान शुरू किया है। जिन किसानों ने अभी तक योजना में अपना पंजीयन नहीं कराया है, उनसे जल्द आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि वे केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।
पीएम-किसान योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को हर वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे आधार से जुड़े डीबीटी सक्षम बैंक खाते में भेजी जाती है। इस सहायता का उपयोग किसान बीज, खाद, उर्वरक और अन्य कृषि कार्यों की जरूरतों को पूरा करने के लिए कर सकते हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए किसान के नाम कृषि भूमि होना जरूरी है। साथ ही एग्रीस्टैक (AgriStack) में पंजीयन कराना भी अनिवार्य है। आवेदन के समय किसानों को आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से लिंक), भूमि संबंधी दस्तावेज (बी-1, खसरा नकल या ऋण पुस्तिका), आधार से जुड़े डीबीटी सक्षम बैंक खाते की पासबुक की छायाप्रति, सक्रिय मोबाइल नंबर और राशन कार्ड की प्रति साथ लानी होगी।
पात्र किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी या ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के माध्यम से भी आवेदन जमा किया जा सकता है। किसान स्वयं भी पीएम-किसान पोर्टल या मोबाइल ऐप के ‘फार्मर्स कॉर्नर’ के जरिए पंजीयन कर सकते हैं।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ लगातार प्राप्त करने के लिए ई-केवाईसी, लैंड सीडिंग तथा बैंक खाते का आधार और डीबीटी से लिंक होना अनिवार्य है।
विभाग ने यह भी बताया कि संस्थागत भूमिधारक, पूर्व या वर्तमान संवैधानिक पदधारी, केंद्र और राज्य सरकार के नियमित कर्मचारी, 10,000 रुपये से अधिक मासिक पेंशन पाने वाले पेंशनभोगी तथा आयकरदाता परिवार इस योजना के पात्र नहीं हैं। शेष सभी पात्र किसानों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द पंजीयन कराकर योजना का लाभ उठाएं और अपनी खेती को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएं।



