जशपुर को 8.44 करोड़ की सड़क सौगात, चार ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण को मिली मंजूरी

छत्तीसगढ़ सरकार ने जशपुर जिले में ग्रामीण सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। वर्ष 2025-26 के बजट के तहत जिले के चार प्रमुख ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए 8 करोड़ 44 लाख 68 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि तथा स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी।
स्वीकृति के अनुसार बुलडेगा से रेचवाघाट तक 1.20 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 23 लाख 77 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इस मार्ग के बनने से ग्रामीणों को पूरे वर्ष सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
वहीं खुंटापानी से सलियामुड़ा तक 3 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 3 करोड़ 46 लाख 67 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। यह सड़क कई गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग साबित होगी, जिससे विद्यार्थियों, किसानों और मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
इसके अलावा कोसमभावना से बनगांव तक 1.20 किलोमीटर सड़क और पुल-पुलिया निर्माण के लिए 1 करोड़ 43 लाख 84 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। इस परियोजना से बरसात के दौरान आवागमन बाधित होने की समस्या काफी हद तक समाप्त होने की उम्मीद है।
इसी क्रम में बुलडेगा मेन रोड से सुकबासुपारा होते हुए भिंजपुर तक 2.50 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 2 करोड़ 30 लाख 40 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इससे क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा।
सरकार का मानना है कि इन चारों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी, विद्यार्थियों का स्कूल और मरीजों का अस्पताल तक पहुंचना सुगम बनेगा। साथ ही स्थानीय व्यापार और सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जशपुर के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।




