छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

जांजगीर-चांपा में हर घर तिरंगा अभियान की धूम, गांव-गांव निकली तिरंगा यात्रा

जांजगीर-चांपा जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के लिए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। 7 से 17 अगस्त 2026 तक जिले में विभिन्न देशभक्ति और जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के तहत नागरिकों से 9 से 17 अगस्त के बीच अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व गौरव की भावना व्यक्त करने की अपील की गई है।

अभियान के तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्राएं, सामूहिक गायन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को अपने घरों में तिरंगा फहराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में कई ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। इनमें जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी हुआ।

स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर भी देशभक्ति का रंग

‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिले के विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। स्कूलों में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, राष्ट्रभक्ति विषयक संगोष्ठियां और जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के महत्व और देश के प्रति उनके दायित्वों की जानकारी दी जा रही है।

जनभागीदारी का बन रहा उत्सव

ग्राम पंचायतों में आयोजित तिरंगा यात्राओं और जागरूकता कार्यक्रमों से अभियान गांव-गांव तक पहुंच रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी के चलते जांजगीर-चांपा में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जनभागीदारी के उत्सव का रूप ले रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देश के प्रति गौरव और समर्पण की भावना को और मजबूत करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button