Demand raised for Ambikapur-Nizamuddin Express to halt at Bishrampur; Minister Lakshmi Rajwade takes up the matter with the Railways.

बिश्रामपुर में अंबिकापुर–निजामुद्दीन एक्सप्रेस के ठहराव की मांग, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने रेलवे से की पहल

महिला एवं बाल विकास मंत्री और भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन क्रमांक 22407/22408 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के नियमित ठहराव की मांग को लेकर रेलवे अधिकारियों से चर्चा की है। उन्होंने क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

शिवनंदनपुर-बिश्रामपुर रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिश्रामपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक्सप्रेस ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग रखी गई।

प्रतिनिधियों ने बताया कि बिश्रामपुर क्षेत्र के विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी, मरीज और अन्य यात्री दिल्ली सहित देश के प्रमुख शहरों तक आवागमन के लिए पर्याप्त रेल सुविधा नहीं होने के कारण परेशानियों का सामना करते हैं। ट्रेन के नियमित ठहराव से बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को गंभीरता से लेते हुए संबंधित रेलवे अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने बिश्रामपुर क्षेत्र की जनसुविधा और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए ट्रेन के नियमित ठहराव पर सकारात्मक विचार करने का आग्रह किया।

मंत्री ने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ समन्वय कर आवश्यक पहल की जा रही है। बिश्रामपुर में ट्रेन का नियमित ठहराव होने से लोगों के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

रेल संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने मांग पर त्वरित संज्ञान लेने के लिए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का आभार जताया।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18503

Leave a Reply