सुकमा के पांच मेधावी बच्चों ने रचा इतिहास, अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना में मेरिट से चयन

सुकमा जिले के पांच प्रतिभावान बच्चों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से जिले का नाम रोशन किया है। वर्ष 2025-26 के लिए इन बच्चों का चयन अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत मेरिट के आधार पर हुआ है। चयन के बाद सभी बच्चों ने कलेक्टर सुकमा अमित कुमार से मुलाकात की। कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनकी सफलता पर खुशी जताई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर
अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। इसके तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा 6वीं से 12वीं तक बड़े और प्रतिष्ठित निजी आवासीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है।
योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आगे बढ़ने के समान अवसर देना है। चयनित विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे परिवारों पर पढ़ाई का आर्थिक बोझ नहीं पड़ता।
सुकमा के पांच बच्चों का मेरिट में चयन
योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों में ग्राम बुडदी, तहसील सुकमा की करुणा बघेल, गांधी नगर सुकमा के सिद्धार्थ दास, ग्राम हमीरगढ़ के प्रमोद नाग, गांधी नगर सुकमा के अमन दास और ग्राम पाकेला की सुष्मिता यादव शामिल हैं।
इन विद्यार्थियों को संस्कार द गुरुकुल स्कूल, बस्तर और हम अकादमी, जगदलपुर में अध्ययन का अवसर मिलेगा। पांचों बच्चों की उपलब्धि सुकमा जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनी है।
शिक्षा का पूरा खर्च श्रम विभाग उठाएगा
चयनित विद्यार्थियों की शिक्षा से संबंधित संपूर्ण खर्च छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल और श्रम विभाग, सुकमा द्वारा वहन किया जाएगा। इससे बच्चों के परिवारों को शिक्षा के खर्च की चिंता नहीं करनी होगी और वे बिना आर्थिक बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे।
इस अवसर पर जिला श्रम अधिकारी सुनीता जोशी, सहायक श्रम पदाधिकारी सत्यानंद नाग सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मेहनत ने खोला सफलता का रास्ता
सुकमा के इन पांच बच्चों की सफलता बताती है कि प्रतिभा को सही अवसर और मार्गदर्शन मिले तो आर्थिक परिस्थितियां सफलता की राह में बाधा नहीं बनतीं। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के माध्यम से श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।




