छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

जनदर्शन में मंत्री राजेश अग्रवाल का सख्त संदेश, बोले- जनता की समस्याओं के समाधान में नहीं चलेगी देरी

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में जनदर्शन के दौरान प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों और आगंतुकों से मुलाकात की। उन्होंने आमजन से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं, मांगें और सुझाव सुने तथा संबंधित मामलों की जानकारी ली।

जनदर्शन में दूर-दराज से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और जरूरतों को मंत्री के सामने रखा। राजेश अग्रवाल ने प्रत्येक नागरिक की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को मामलों के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकरण के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी की जाए। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ समय पर दिलाने पर जोर दिया।

राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनसेवा और सुशासन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना शासन की जिम्मेदारी है। जनदर्शन के माध्यम से नागरिकों को अपनी बात सीधे सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक नागरिक की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। प्राप्त शिकायतों और आवेदनों पर संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराई जा रही है।

जनदर्शन के दौरान नागरिकों ने समस्याओं के साथ कई महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए। मंत्री ने कहा कि आमजन के सुझाव शासन की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button