कुंजनगर पहुंचीं लक्ष्मी राजवाड़े, महिलाओं से सीधा संवाद कर जाना योजनाओं का असर

सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं का जमीनी असर जानने महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े ग्राम कुंजनगर पहुंचीं। यहां उन्होंने महिलाओं और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से सीधे संवाद किया और सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ, उनके अनुभव तथा परिवारों में आए बदलावों की जानकारी ली।
लक्ष्मी राजवाड़े ने खास तौर पर महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थी महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने जाना कि योजनाओं के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता किस तरह महिलाओं की रोजमर्रा की जरूरतों, घरेलू खर्च और मातृत्व से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में मददगार साबित हो रही है।
संवाद के दौरान महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सरकारी योजनाओं से उन्हें आर्थिक सहारा मिलने के साथ आत्मविश्वास भी बढ़ा है। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाएं महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ मातृत्व एवं परिवार के बेहतर पोषण में भी सहयोग कर रही हैं।
सेवा संकल्प अभियान के जरिए योजनाओं के वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचकर उनके अनुभव जानने और शासन-जनता के बीच सीधा संवाद मजबूत करने की पहल की जा रही है। मंत्री ने ग्रामीण महिलाओं की समस्याओं, सुझावों और अनुभवों को गंभीरता से सुना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली।
कुंजनगर में हुआ यह संवाद महिला सशक्तिकरण, जनभागीदारी और सेवा भावना को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल के रूप में सामने आया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन भी मौजूद रहे।



