दिन-रात खबरों की दौड़ में जुटे पत्रकारों की आंखों का भी रखा गया ख्याल, प्रेस क्लब में लगा विशेष नेत्र जांच शिविर

रायपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों के स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर विशेष पहल की गई। सोमवार को पत्रकारों के लिए नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पत्रकारों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से जरूरी परामर्श लिया। शिविर का आयोजन रायपुर प्रेस क्लब और इंटरनेशनल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन (MISO), रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

शिविर के दौरान MISO की अत्याधुनिक वातानुकूलित एम्बुलेंस में पत्रकारों की आंखों की विस्तृत जांच की गई। जांच में दृष्टि संबंधी समस्या सामने आने पर चिकित्सकों ने आवश्यक सलाह दी। जरूरत के अनुसार नंबर वाले चश्मे, दवाइयां और आगे के उपचार से जुड़ी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

आयोजकों की ओर से जरूरतमंद पत्रकारों को निःशुल्क चश्मे और दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। वहीं जांच के दौरान मोतियाबिंद की समस्या सामने आने वाले मरीजों के लिए संस्था की ओर से निःशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई।
शिविर में डॉ. सुशील सचदेवा, संजय शर्मा, डॉ. अनुराधा और डॉ. शिवम सहित चिकित्सा टीम ने सेवाएं दीं। वहीं डॉ. राजेंद्र यादव, अमित गोस्वामी, दीपक साहू, रूपेश निर्मलकर और प्रीति पैकरा ने नेत्र जांच एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यादव, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी मौजूद रहे। निशक्तजन आयोग अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त लोकेश कांवड़िया के साथ वरिष्ठ पत्रकार और बड़ी संख्या में पत्रकार साथी भी शिविर में शामिल हुए।
प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि पत्रकार लगातार फील्ड रिपोर्टिंग, स्क्रीन पर काम और अनियमित कार्य समय के बीच अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े ऐसे आयोजन आगे भी जारी रखे जाएंगे। उन्होंने शिविर के आयोजन के लिए MISO की चिकित्सा टीम और सहयोगी संस्था का आभार जताया।




