छत्तीसगढ़ में ED का बड़ा एक्शन! सुबह 4 बजे कारोबारी के घर पहुंची टीम, रायपुर से दुर्ग तक मची हलचल

ed-raid-chhattisgarh-raipur-durg-businessman-nitin-daga

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ताबड़तोड़ कार्रवाई से कारोबारी जगत में हड़कंप मच गया है। मंगलवार सुबह ED की टीम ने रायपुर और दुर्ग में अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर जांच शुरू की। रायपुर में कारोबारी नितिन डागा के घर सुबह करीब 4 बजे अधिकारी पहुंच गए। वहीं दुर्ग की ऋषभ कॉलोनी में भी ED की टीम ने दस्तक दी है। अचानक हुई इस कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, रायपुर के पंडरी इलाके के रवि नगर स्थित सुशील विला में दो गाड़ियों से पहुंची ED की टीम कारोबारी नितिन डागा के घर दस्तावेजों की जांच कर रही है। सुबह से ही अधिकारी घर के भीतर मौजूद हैं। नितिन डागा का ज्वेलरी और जमीन के कारोबार से जुड़ा होना बताया जा रहा है।

दुर्ग में भी ED की दबिश, 10 से ज्यादा अधिकारी पहुंचे

रायपुर के साथ दुर्ग जिले में भी ED की कार्रवाई जारी है। ऋषभ कॉलोनी में दो गाड़ियों से पहुंची टीम में 10 से अधिक अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। यहां भी अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े मामले से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

किस मामले की तलाश में ED? बना हुआ है सस्पेंस

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ED की टीम किन दस्तावेजों और किन लेन-देन की जांच कर रही है? क्या यह कार्रवाई भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच का हिस्सा है या इसके पीछे कोई दूसरा मामला है? फिलहाल एजेंसी की ओर से कार्रवाई के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।

रायपुर से दुर्ग तक एक साथ हुई इस कार्रवाई ने छत्तीसगढ़ में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। अब सबकी नजर ED की जांच और आधिकारिक खुलासे पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *