रायपुर। पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में वार्षिक खेल समारोह ‘एनिग्मा 9.0’ का पुरस्कार वितरण समारोह उत्साह और खेल भावना के माहौल में आयोजित किया गया। महाविद्यालय के खेल मैदान में हुए इस आयोजन में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव अमित कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, चिकित्सा शिक्षा विभाग के पूर्व संचालक एवं ऑर्थोपेडिक्स विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुबीर मुखर्जी विशिष्ट अतिथि और एनाटॉमी विभाग के पूर्व प्राध्यापक डॉ. माणिक चटर्जी विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की मेजबानी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी और अंबेडकर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने की।
खेलों में दिखा मेडिकल छात्रों का दम
‘एनिग्मा 9.0’ के तहत इनडोर गेम्स, एथलेटिक्स और आउटडोर स्पोर्ट्स की कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। शतरंज, टेबल टेनिस, कैरम और बैडमिंटन जैसे इनडोर खेलों के साथ 100 मीटर दौड़, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, लॉन्ग जंप और जेवलिन थ्रो में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
वहीं, फुटबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, वॉलीबॉल और खो-खो जैसे खेलों में अलग-अलग बैच के छात्र-छात्राओं के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
अमित कटारिया बोले- जीवन में खेलों की अहम भूमिका
मुख्य अतिथि अमित कटारिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यस्त कार्यक्रम और जरूरी बैठक के बावजूद उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करने के लिए इस आयोजन में शामिल होना उचित समझा। उन्होंने वर्ष 2009 में रायपुर नगर निगम आयुक्त रहते हुए महाविद्यालय के खेल समारोह में शामिल होने का अनुभव भी साझा किया।
उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों को अनुशासन, टीम भावना और मुश्किल परिस्थितियों से लड़ने की ताकत देते हैं। खेलों से हार को स्वीकार करने और दोबारा बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय रहने का संदेश दिया।
इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
प्रतियोगिताओं में शतरंज के छात्र वर्ग में अभिषेक राजवाड़े और छात्रा वर्ग में डॉ. हिमानी बंजारे ने पहला स्थान हासिल किया। टेबल टेनिस पुरुष एकल में डॉ. मनीष साहू और महिला एकल में डॉ. मनीषा टोप्पो विजेता बने। कैरम में पुरुष वर्ग का खिताब डॉ. वैभव साहू और महिला वर्ग का खिताब डॉ. हर्षिता तलांडी ने अपने नाम किया। बैडमिंटन पुरुष एकल में डॉ. आदित्य जैन ने जीत दर्ज की।
एथलेटिक्स में 100 मीटर दौड़ के पुरुष वर्ग में कर्णिक ठाकुर और महिला वर्ग में गरिमा दर्रो ने बाजी मारी। शॉटपुट और डिस्कस थ्रो के महिला वर्ग में डॉ. जयलता बघेल ने शानदार प्रदर्शन किया। लॉन्ग जंप में वर्षा बघेल विजेता रहीं। जेवलिन थ्रो के पुरुष वर्ग में डॉ. श्रवण कुमार पैकरा और महिला वर्ग में डॉ. जयलता बघेल ने प्रथम स्थान हासिल किया।
टीम मुकाबलों में 2021 और 2022 बैच का दबदबा
टीम स्पर्धाओं में भी अलग-अलग बैच के खिलाड़ियों ने अपना दम दिखाया। फुटबॉल पुरुष वर्ग में 2022 बैच की टीम ए ने खिताब जीता। बास्केटबॉल पुरुष वर्ग में 2022 बैच और महिला वर्ग में 2021 बैच विजेता रहा।
कबड्डी के पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 2022 बैच ने जीत दर्ज की। क्रिकेट पुरुष वर्ग में 2022 बैच और महिला वर्ग में 2021 बैच ने बाजी मारी। वहीं, वॉलीबॉल के पुरुष और महिला दोनों वर्गों में 2021 बैच की टीमों ने पहला स्थान हासिल किया।
‘एनिग्मा 9.0’ का यह आयोजन मेडिकल विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई के दबाव से इतर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच बना। पुरस्कार वितरण के साथ खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना को सम्मान मिला।
ये खबर भी पढ़ें —:











Leave a Reply