छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के मौके पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और अद्भुत हवाई कौशल का गवाह बना। सेंध लेक में आयोजित विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के भव्य एयर-शो ने हजारों दर्शकों को रोमांच से भर दिया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका शामिल हुए। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
एयर-शो की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के जांबाजों ने की। हजारों फीट की ऊंचाई से पैराशूट के जरिए छलांग लगाते हुए जवानों ने निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। उनके संतुलन, साहस और नियंत्रण को देखकर दर्शक तालियां बजाने लगे।
इसके बाद गरुड़ कमांडोज ने अपने विशेष सैन्य कौशल का प्रदर्शन किया। जवानों ने आठ हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट लैंडिंग की। वहीं एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग के जरिए रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन किया। उनकी फुर्ती, अनुशासन और मिशन को अंजाम देने की क्षमता ने दर्शकों को प्रभावित किया।
एयर-शो का सबसे बड़ा आकर्षण सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम की प्रस्तुति रही। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पांच हेलीकॉप्टरों ने आसमान में एक के बाद एक शानदार फॉर्मेशन और हैरतअंगेज करतब दिखाए। हेलीकॉप्टरों का एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरता क्रॉसओवर प्रदर्शन दर्शकों के लिए खास आकर्षण रहा। सटीक नियंत्रण और बेहतरीन तालमेल के साथ पायलटों ने भारतीय वायुसेना की दक्षता का परिचय दिया।
इस दौरान एक खास पल तब आया, जब सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष किया। आसमान से गूंजे इस संदेश ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया।
प्रदर्शन के अंतिम चरण में हेलीकॉप्टरों ने तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन बनाई। ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच आसमान में लहराते तिरंगे के रंगों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन अनुशासन, समर्पण, सामूहिक प्रयास और आपसी विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वायुसेना के जवानों का यह कौशल विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
उल्लेखनीय है कि सारंग भारतीय वायुसेना की विश्व की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम है। जर्मनी, ब्रिटेन, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में 1500 से अधिक हवाई प्रदर्शन कर चुकी यह टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। इस भव्य आयोजन ने छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया।











Leave a Reply