सूरजपुर। जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से जिला अस्पताल सूरजपुर से एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की संयुक्त टीम ने 73 वर्षीय बुजुर्ग महिला के दोनों खराब कूल्हों से जुड़ी जटिल समस्या का सफल ऑपरेशन किया है। इस सफलता से एक बार फिर साबित हुआ है कि अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे बड़े शहरों का रुख करने की जरूरत कम हो रही है।
जानकारी के मुताबिक, ओड़गी निवासी 73 वर्षीय राजकुमारी लंबे समय से बढ़ती उम्र के कारण दोनों कूल्हों की खराब स्थिति से परेशान थीं। परेशानी बढ़ने पर उन्होंने जिला अस्पताल सूरजपुर के हड्डी रोग विभाग में उपचार कराया। यहां हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय साहू ने उनकी जांच और एक्स-रे कराया। रिपोर्ट में दोनों कूल्हों के खराब होने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान शरीर में खून की कमी भी सामने आई।
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने पहले उनकी सेहत में सुधार लाने पर ध्यान दिया। इसके लिए उन्हें सर्जिकल वार्ड में भर्ती कर आवश्यक उपचार दिया गया। नर्सिंग स्टाफ ने भी चिकित्सकों के निर्देशानुसार लगातार देखभाल की। स्वास्थ्य में सुधार होने और ऑपरेशन के लिए उपयुक्त स्थिति बनने के बाद निश्चेतना विभाग ने जरूरी जांच पूरी की और सर्जरी की तारीख तय की।
निर्धारित समय पर ऑपरेशन की सभी तैयारियां पूरी कर सर्जरी की गई। डॉ. अजय साहू ने बताया कि मामला काफी जटिल था, लेकिन चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों के बेहतर तालमेल से ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
उन्होंने बताया कि इससे पहले 12 अक्टूबर 2026 को भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन के सहयोग से सूरजपुर निवासी 60 वर्षीय राजकुमार का सफल ऑपरेशन किया गया था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर जिला अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अस्पताल की व्यवस्थाओं का नियमित मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ इलाकों से आने वाले मरीजों को भी स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सके।
जटिल ऑपरेशन के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता होगी कम
जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, निश्चेतना विभाग और ऑपरेशन थिएटर की टीम के सामूहिक प्रयासों से अब जटिल मामलों का उपचार भी संभव हो रहा है। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को अपने जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत आम नागरिकों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। सूरजपुर जिला अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ये खबर भी पढ़ें —:








