Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

कोरबा की सड़कों पर एक्शन मोड में PWD सचिव, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर कसा शिकंजा

कोरबा में सड़क, पुल-पुलियों और भवन निर्माण कार्यों को लेकर लोक निर्माण विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता की पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। काम में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के बाद सचिव मुकेश कुमार बंसल ने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में चल रहे सड़क, पुल-पुलियों और भवन निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सड़कों के बीटी पैच मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान किया जाए, ताकि विकास कार्यों की रफ्तार प्रभावित न हो। आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।

इन प्रमुख सड़कों का किया निरीक्षण

मुकेश कुमार बंसल ने कटघोरा–हरदीबाजार–बलौदा–अकलतरा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और हरदीबाजार–तरदा–सर्वमंगला–इमलीछापर मार्ग का जायजा लिया। इसके अलावा ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक निर्माणाधीन सीमेंट-कांक्रीट सड़क का भी निरीक्षण किया।

करीब 2.84 किलोमीटर लंबी इस सड़क की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

ये खबर भी पढ़ें —: