कलेक्टर ने दिए अधिकारियों को तैयारियों के निर्देश
कोरबा 9 जनवरी (आरएनएस)। प्रदेश व्यापी लोक सुराज अभियान के प्रथम चरण की शुरूआत 12 से 14 जनवरी तक होगी। दूसरे चरण में 15 जनवरी से 11 मार्च तक आवेदनों का निराकरण होगा। इसके पश्चात 12 मार्च से 31 मार्च 2018 तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। लोक सुराज अभियान के तीनों चरण की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर मो.कैसर अब्दुल हक ने अधिकारियों को समय-सीमा की बैठक में निर्देशित किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को बताया कि प्रथम चरण में सभी ग्राम पंचायतों, जिला तथा विकासखंड मुख्यालयों एवं नगरीय निकायों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आम जनता अपने आवेदन दे सकेंगे। आवेदन स्थल पर समाधान पेटी रखी जाएगी। प्राप्त होने वाले आवेदनों को पंजीकृत कर साफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा। आवेदन आनलाइन भी प्राप्त किए जाएंगे। प्रत्येक आवेदन की पावती दी जाएगी। 15 जनवरी से 11 मार्च तक लगभग दो महीने की अवधि में आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। आवेदनों के विश्लेषण के आधार पर क्षेत्रवार विशेष समस्याओं के निराकरण संबंधी विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे। आयोजन के तीसरे चरण में 12 मार्च से 31 मार्च तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जाएगा। लगभग 10 पंचायतों के मध्य एक समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। नगरीय निकायों में भी आवश्यकतानुसार शिविरों का आयोजन किया जाएगा। समाधान शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निराकरण यथासंभव शिविर के दिन ही कर दिया जाएगा। शेष आवेदनों का निराकरण आगामी एक माह में कर आवेदकों को सूचित कर दिया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, नगर निगम आयुक्त रणबीर सिंह, अपर कलेक्टर प्रियंका ऋषि महोबिया, संयुक्त कलेक्टर नेपाल सिंह नैरोजी, परियोजना प्रशासक ए.के.गढेवाल, सहायक आयुक्त श्रीकांत दुबे सहित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे
Please comment