माता शाकम्बरी जयंती पर घड़ी चौक में भव्य आयोजन, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की पूजा-अर्चना

रायपुर। माता शाकम्बरी जयंती के अवसर पर सोमवार को रायपुर के घड़ी चौक में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान पटेल समाज के जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर आम नागरिकों को सब्जियों का निःशुल्क वितरण भी किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मरार पटेल समाज अपनी उद्यमशीलता, संगठन और श्रम के लिए जाना जाता है। अपने परिश्रम के बल पर समाज ने अलग पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि समाज के उत्पादों को बाड़ी से लेकर बड़े बाजारों तक पहुंचाने और उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से पूर्व में शाकम्बरी बोर्ड का गठन किया गया था, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मरार पटेल समाज में सहकारिता की भावना स्वाभाविक रूप से विद्यमान है। इसी भावना के साथ समाज और प्रदेश के विकास के लिए निरंतर आगे बढ़ने की जरूरत है। माता शाकम्बरी से प्रार्थना करते हुए उन्होंने सभी के घरों में धन-धान्य की वृद्धि, खेत-खलिहानों की खुशहाली और नागरिकों के स्वस्थ जीवन की कामना की। साथ ही बताया कि राज्य सरकार गांव, गरीब, किसान और श्रमिक के उत्थान के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में राज्य मरार पटेल समाज के अध्यक्ष शंकर पटेल सहित राम कुमार पटेल, अशोक पटेल, परदेशी पटेल, केके पाटिल, ब्रम्हदेव पटेल, राजेन्द्र पटेल, मोतीराम पटेल, प्रमोद पटेल, बाकीराम पटेल, ईश्वर पटेल समेत अनेक जनप्रतिनिधि और समाजजन मौजूद रहे।




