कवर्धा में अटल स्मृतियों का जीवंत दस्तावेज: छाया चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ

रायपुर। भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर कवर्धा स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में उनके जीवन पर आधारित छाया चित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्होंने अटल जी के विचारों, मूल्यों और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे शिखर पुरुष थे, जिन्होंने सिद्धांतों से समझौता किए बिना संवेदनशीलता और दूरदर्शिता के साथ देश को आगे बढ़ाया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और युवाओं के लिए प्रेरणा का मजबूत आधार हैं। उन्होंने बताया कि यह छाया चित्र प्रदर्शनी अटल जी के राजनीतिक सफर के साथ-साथ उनके मानवीय दृष्टिकोण और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भी प्रभावी ढंग से सामने लाती है।
प्रदर्शनी में अटल जी के सार्वजनिक जीवन के अहम पड़ाव, विकास से जुड़े फैसले, कूटनीतिक उपलब्धियां और जनकल्याणकारी पहलें चित्रों के माध्यम से सजीव रूप में प्रस्तुत की गई हैं। प्रदर्शनी देखने पहुंचे लोगों ने इसे प्रेरणादायी बताते हुए सराहना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।




