छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

अटल जयंती पर सीएम साय ने किया माल्यार्पण, सुशासन और जनसेवा के आदर्शों को बताया प्रेरणा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अटलजी का जीवन राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनकल्याण को समर्पित रहा। उनके विचार और कर्म आज भी देशवासियों के लिए मार्गदर्शक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि संवेदनशील कवि और दूरदर्शी जननायक थे, जिन्होंने राजनीति को सेवा का सशक्त माध्यम बनाया। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन की नई दिशा देखी, जिसमें अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने का संकल्प निहित था।

सीएम साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों का केंद्र भी यही विचार है। प्रशासनिक सुधार, पारदर्शी व्यवस्था, समयबद्ध सेवाएं और जनविश्वास की पुनर्स्थापना के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिन्हें अटलजी के आदर्शों से प्रेरणा मिलती है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे ईमानदारी, संवेदनशीलता, संवाद और समावेशी विकास जैसे अटलजी के मूल्यों को अपने जीवन में उतारें और विकसित छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनें।
इस मौके पर विधायक किरण सिंह देव भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button