महतारी सम्मेलन में महिलाओं को बड़ी सौगात, 68 लाख से ज्यादा खातों में 684 करोड़ की राशि ट्रांसफर

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुंगेली जिले के ग्राम छतौना (जरहागांव), सेतगंगा, मानस मंच लोरमी, झाफल और मंगल भवन पथरिया में वृहद महतारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर से 68 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 684 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि का अंतरण किया।
इस राशि में मुंगेली जिले की 2 लाख 9 हजार 600 से अधिक महिलाओं के खातों में 19.22 करोड़ रुपये जमा किए गए। ग्राम छतौना के मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती और भारत माता के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाया गया।
विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है। महतारी वंदन योजना, आवास योजना, बिजली बिल में राहत, स्वच्छ पेयजल और पेंशन जैसी योजनाओं से महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में बड़ी संख्या में महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं और सिलाई, कढ़ाई सहित विभिन्न व्यवसायों से परिवार की आय बढ़ा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को बने अभी दो वर्ष ही हुए हैं, लेकिन विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं। महिलाओं को योजनाओं से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने महतारी सदन के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने बताया कि अब तक योजना के तहत 684 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में सीधे भेजी जा चुकी है, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने में मदद मिल रही है। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपनी सफलता और आत्मनिर्भर बनने की कहानियां भी साझा कीं।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। साथ ही राष्ट्रीय स्तर की 38 बालिका खिलाड़ियों को 1100 रुपये का चेक और शाल देकर सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 6 बालिकाओं को 20 हजार रुपये, शील्ड और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा सुरभि क्लस्टर संगठन की 11 महिलाओं और महतारी वंदन योजना की राशि से व्यवसाय शुरू करने वाली 30 महिलाओं को भी सम्मानित किया गया।



