अबूझमाड़िया युवाओं ने देखा लोकतंत्र का केंद्र, नई विधानसभा भ्रमण बना प्रेरणा का स्रोत

रायपुर। नारायणपुर जिले के दूरस्थ, संवेदनशील और कभी नक्सल प्रभाव से जूझ चुके इलाकों से आए अबूझमाड़िया युवाओं ने आज नया रायपुर स्थित नवीन विधानसभा का भ्रमण कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को बेहद करीब से समझा। सदन की कार्यवाही को प्रत्यक्ष देखकर युवाओं ने न केवल विधायी प्रक्रिया को जाना, बल्कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों और शासन व्यवस्था की गंभीरता को भी महसूस किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने युवाओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
स्वामी विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना के तहत आयोजित इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण में नारायणपुर के कुतुल, ओरछा, कलमानार, झारावाही, कोडकानार, मुरेहनार, गुमियाबेड़ा, मुरहानार और नेडनार जैसे अति संवेदनशील इलाकों से लगभग 147 युवा शामिल हुए। विशेष पिछड़ी जनजाति अबूझमाड़िया समुदाय से जुड़े इन युवाओं में कई ऐसे थे, जिन्होंने पहली बार रायपुर शहर और विधानसभा भवन को देखा। यह अनुभव उनके लिए उत्साह, जिज्ञासा और नई सोच से भरा रहा।
विधानसभा में युवाओं ने प्रश्नकाल, चर्चा और निर्णय प्रक्रिया को प्रत्यक्ष देखा। उन्हें बताया गया कि किस तरह जनहित के मुद्दों पर सदन में बहस होती है और सरकार जनता के लिए फैसले लेती है। इस पूरी प्रक्रिया ने युवाओं के भीतर लोकतंत्र के प्रति समझ और जागरूकता को और मजबूत किया।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं से आत्मीय संवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत युवाओं की भागीदारी में है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, जागरूकता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों से निकलकर आगे बढ़ रहे ये युवा छत्तीसगढ़ के बेहतर भविष्य की उम्मीद हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं को स्वसहायता समूहों और सहकारी समितियों से जुड़कर लघु वनोपज के प्रसंस्करण और आजीविका के नए अवसरों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
वन मंत्री केदार कश्यप ने भी युवाओं से मुलाकात कर उनके अनुभव सुने और क्षेत्र में विकास व सुविधाओं को लेकर चर्चा की। युवाओं ने इस भ्रमण को जीवन का यादगार, प्रेरक और नई दिशा देने वाला अनुभव बताया।



