After the K-sixes, now it's wedding talk! The full truth behind the Abhishek Sharma-Laila Faisal wedding rumors

के-छक्कों के बाद अब शादी की चर्चा! अभिषेक शर्मा–लैला फैसल की वेडिंग अफवाह का पूरा सच

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे अभिषेक शर्मा इन दिनों अपने बल्ले से ही नहीं, बल्कि अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी सुर्खियों में हैं। मैदान पर आक्रामक बल्लेबाजी से गेंदबाजों की धड़कनें बढ़ाने वाले अभिषेक, मैदान के बाहर अपने चॉकलेटी लुक और क्यूट पर्सनैलिटी के चलते युवा फैंस के दिलों पर राज करते हैं। यही वजह है कि उन्हें अक्सर ‘मोस्ट एलिजिबल बैचलर’ कहा जाता है।

इसी बीच उनकी शादी को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा छिड़ गई। रेडिट पर वायरल एक पोस्ट में दावा किया गया कि अभिषेक शर्मा अपनी रूमर्ड गर्लफ्रेंड लैला फैसल से 14 फरवरी 2026, यानी वेलेंटाइन डे के दिन शादी करने वाले हैं। इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई और फैंस लैला फैसल के बारे में जानने के लिए बेताब नजर आए।

लैला फैसल का जन्म साल 2000 में दिल्ली में हुआ, जबकि उनका पारिवारिक संबंध कश्मीर से है। उन्होंने दिल्ली के आरके पुरम स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से स्कूली पढ़ाई की और इसके बाद लंदन के किंग्स कॉलेज से मनोविज्ञान में ग्रेजुएशन किया। पढ़ाई के साथ-साथ उनका रुझान फैशन और क्रिएटिव इंडस्ट्री की ओर रहा।

ग्रेजुएशन के बाद लैला ने यूनिवर्सिटी ऑफ आर्ट्स लंदन से फैशन डिजाइनिंग, मार्केटिंग और स्टाइलिंग की पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने अपनी मां रूही फैसल के साथ मिलकर ‘एलआरएफ डिजाइन्स’ नाम से फैशन लेबल शुरू किया, जो कश्मीरी टच वाले लग्जरी और मॉडर्न आउटफिट्स के लिए जाना जाता है। इसके अलावा वह अपने पिता की कंपनी ‘साउंड ऑफ म्यूजिक’ में सीओओ के पद पर भी कार्यरत हैं।

अभिषेक और लैला के रिश्ते की चर्चाएं 2025 की शुरुआत में तब तेज हुईं, जब दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया। आईपीएल और टीम इंडिया के मैचों में लैला को अभिषेक को स्टैंड से चीयर करते हुए भी देखा गया। इंग्लैंड के खिलाफ अभिषेक के शतक के बाद लैला का इंस्टाग्राम पर लिखा गया ‘प्राउड’ पोस्ट भी इन अफवाहों को और हवा देता नजर आया।

हालांकि, वायरल हो रही शादी की खबरों की सच्चाई कुछ और ही है। 14 फरवरी 2026 को अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम इंडिया के साथ श्रीलंका में होंगे और 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ अहम मुकाबला खेलना है। ऐसे में वेलेंटाइन डे पर शादी का दावा फिलहाल महज अफवाह माना जा रहा है। न तो अभिषेक और न ही उनके परिवार की ओर से इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि की गई है।

लैला फैसल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 79 हजार फॉलोअर्स हैं और वह खुद को फैशन एंटरप्रेन्योर व क्रिएटर बताती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी अनुमानित नेटवर्थ करीब 4 करोड़ रुपये है।

4rtheye web Desk
4rtheye web Desk
Articles: 18504

Leave a Reply