अम्बिकापुर में खेलों का महाकुंभ शुरू, 5 संभागों के 595 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

ambikapur-26th-chhattisgarh-state-school-sports-competition-2026

अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में शुक्रवार को 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (मल्टीपरपज स्कूल) के खेल मैदान में आयोजित समारोह में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने बास्केट में बॉल डालकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

23 से 26 अक्टूबर तक चलने वाली इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के पांच संभागों बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा के कुल 595 खिलाड़ी एवं प्रतिभागी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य, पारंपरिक गीत-संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए दर्शकों का मन मोह लिया।

खेलों से निखरता है विद्यार्थियों का व्यक्तित्व

उद्घाटन अवसर पर सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी अहम भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में जीत और हार से ज्यादा महत्वपूर्ण मेहनत, समर्पण और सकारात्मक खेल भावना है। खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करते हुए राज्य से आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश का नाम रोशन करने का प्रयास करना चाहिए।

चार खेलों में होगी खिलाड़ियों की परीक्षा

प्रतियोगिता के दौरान फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और सॉफ्ट टेनिस की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इनमें 19 वर्ष आयु वर्ग के बालकों की फुटबॉल, 14 और 17 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं की बास्केटबॉल तथा 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की बैडमिंटन एवं सॉफ्ट टेनिस प्रतियोगिताएं शामिल हैं।

इस आयोजन से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ दूसरे संभागों के खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और नया अनुभव हासिल करने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और उभरती खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।

जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, महापौर मंजूषा भगत और नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों को अनुशासन और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

महापौर मंजूषा भगत ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छता का संदेश भी दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, गांव और शहर को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

खिलाड़ियों को सुविधाएं देने प्रशासन प्रतिबद्ध

कलेक्टर अजीत वसंत ने पांचों संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर वातावरण, जरूरी सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना आवश्यक है। जिला प्रशासन प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में मेजर अनिल सिंह, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक शिक्षा डॉ. राजेश सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *