छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

अंबिकापुर को मिली सीधी उड़ान की सौगात, दिल्ली-कोलकाता से जुड़ा सरगुजा

रायपुर। प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी से अंबिकापुर–दिल्ली–कोलकाता हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस पहल के साथ सरगुजा अंचल अब सीधे देश की राजधानी दिल्ली और कोलकाता से जुड़ गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रमुख शहरों को हवाई सेवाओं से जोड़ना है, ताकि आम लोगों को भी सस्ती और सुलभ हवाई यात्रा का लाभ मिल सके। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की उस सोच का परिणाम बताया, जिसमें हर व्यक्ति तक हवाई यात्रा पहुंचाने की बात कही गई थी।

नई सेवा से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। बिलासपुर में नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने और ‘सीजी वायु’ योजना के जरिए राज्य में विमान सेवाओं के विस्तार को भी गति दी जा रही है। वहीं रायपुर एयरपोर्ट से कार्गो सेवा शुरू होने से स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार मिलेंगे।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि अंबिकापुर (दरिमा) से 72-सीटर विमान के संचालन से कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। साथ ही जगदलपुर सहित अन्य क्षेत्रों में भी एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने पर काम जारी है।

इस सेवा का संचालन एलायंस एयर द्वारा सप्ताह में चार दिन किया जाएगा। अंबिकापुर स्थित माँ महामाया एयरपोर्ट का विकास ‘उड़ान’ योजना के तहत किया गया है, जहां अब बड़े विमान भी उतर सकेंगे।

नई उड़ान सेवा से सरगुजा संभाग को सीधा राष्ट्रीय कनेक्शन मिलेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और पर्यटन स्थलों जैसे मैनपाट और तातापानी को भी बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button