छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

एंटी स्नेयर वॉक से वन्यजीवों को सुरक्षा, गरियाबंद में 6 शिकारी गिरफ्तार

रायपुर। राज्य के वन क्षेत्रों में शिकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और वन्यजीवों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए वन विभाग लगातार सख्त कदम उठा रहा है। वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन और प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) के निर्देशों के तहत प्रदेशभर में एंटी स्नेयर वॉक अभियान तेज किया गया है। इस अभियान के जरिए अवैध शिकार पर नजर रखने के साथ ही लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

वन क्षेत्रों में सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए नियमित गश्त, वनकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती, ड्रोन और ट्रैप कैमरों जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय समुदायों को जोड़कर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि पिकनिक या अन्य गतिविधियों की आड़ में होने वाले अवैध शिकार को रोका जा सके।

इसी कड़ी में गरियाबंद जिले के कुल्हाड़ीघाट परिक्षेत्र अंतर्गत ओड़ सर्कल में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 शिकारियों को गिरफ्तार किया है। इनमें ग्राम सुनाबेड़ा (ओडिशा) के 2 और ग्राम ओड़ के 4 आरोपी शामिल हैं। आरोपियों के पास से खरगोश पकड़ने के फंदे, तीर-कमान और मछली पकड़ने के जाल बरामद किए गए हैं।

वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मामलों में प्रारंभिक अपराध रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। सभी आरोपियों को 7 जनवरी को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, गरियाबंद के समक्ष पेश किया गया।

वन विभाग की यह कार्रवाई वन्यजीव सुरक्षा की दिशा में अहम मानी जा रही है, जिससे शिकारियों के हौसले पस्त हुए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी गश्त और निगरानी को और सशक्त किया जाएगा, ताकि जंगल और वन्यप्राणी सुरक्षित रह सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button