विदेश

अमेरिका से वार्ता में तालिबान ने दिखाया सकारात्मक रुख

आतंकी संगठन अफगान तालिबान ने अमेरिका के साथ चल रही शांति वार्ता को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है। उसने संगठन के सह-संस्थापक मुल्ला अब्दुल गनी बरादर को कतर में स्थित अपने सियासी कार्यालय का प्रमुख नियुक्त किया है।

अमेरिका के साथ शांति वार्ता का जिम्मा इसी कार्यालय पर है। इस समय तालिबान के वार्ताकारों और अमेरिकी अधिकारियों के बीच कतर में वार्ता चल रही है। इस वार्ता में अमेरिकी पक्ष का नेतृत्व विशेष दूत जालमे खलीलजाद कर रहे हैं।

तालिबान की ओर से गुरुवार को जारी किए गए एक बयान के अनुसार, पाकिस्तान की नजरबंदी से हाल में रिहा हुए बरादर को सियासी मामलों का उप प्रमुख और सियासी कार्यालय का प्रमुख बनाया गया है। यह कदम अमेरिका के साथ चल रही शांति वार्ता को अच्छी तरह संचालित करने के लिए उठाया गया है।

विश्लेषकों के अनुसार, मुल्ला बरादर का तालिबान के उस धड़े से जुड़ाव माना जाता है, जो अमेरिका के साथ शांति वार्ता का पक्षधर है। फरवरी, 2010 में अमेरिकी और पाकिस्तानी एजेंसियों ने कराची में एक ठिकाने पर छापा मारकर बरादर को हिरासत में लिया था।

साल 2013 में ऐसी खबर आई थी कि पाकिस्तान ने उसे रिहा कर दिया है ताकि वह अमेरिका के साथ शांति वार्ता की अगुआई कर सके। लेकिन बाद में पता चला कि उसे नजरबंद रखा गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button