बिलासपुर से 25 लाख किसानों को 10,328 करोड़ की सौगात, बस्तर के 40 हजार से ज्यादा किसानों को सीधा लाभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ में होली से पहले किसानों के खातों में बड़ी राहत पहुंची है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर से प्रदेश के लगभग 25 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 328 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे अंतरित की। यह राशि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के अंतर भुगतान और आदान सहायता के रूप में जारी की गई।
जगदलपुर के वीर सावरकर भवन में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन से उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा वर्चुअली जुड़े। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने वादे के अनुरूप धान खरीदी की अंतर राशि एकमुश्त देकर किसानों की होली को और खास बना दिया है। बजट में भी किसान हितों को ध्यान में रखते हुए कई प्रावधान किए गए हैं, जिससे उन्नत खेती को बढ़ावा मिलेगा।
बस्तर क्षेत्र में सहकारिता के माध्यम से दुग्ध उत्पादन, लघु वनोपज संग्रहण और प्रसंस्करण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। महिला स्व सहायता समूहों और सहकारी समितियों को सशक्त कर स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक किरण देव ने हल्बी भाषा में किसानों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार के फैसलों से गांव-गांव में उत्सव जैसा माहौल है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में महापौर संजय पांडे सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर के अनुसार, बस्तर जिले के 40,667 किसानों को 205.95 करोड़ रुपए की आदान सहायता राशि वितरित की गई। मोटा धान पर 731 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि सीधे खातों में पहुंचाई गई। सबसे ज्यादा लाभ बकावंड और बस्तर ब्लॉक के किसानों को मिला है।




