Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

जगदलपुर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर नवाचार का संदेश, बस्तर में ‘विज्ञान तीर्थ दर्शन’ अभियान की घोषणा

Message of innovation on National Science Day in Jagdalpur, announcement of 'Vigyan Teerth Darshan' campaign in Bastar

रायपुर। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर जगदलपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह आयोजन शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा विज्ञान भारती के संयुक्त तत्वावधान में कृषि महाविद्यालय के सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवाचार, शोध और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया।

अपने संबोधन में विजय शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस वैज्ञानिकों के योगदान को स्मरण करने के साथ-साथ युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से विज्ञान को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर नवाचार और अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि आज के युवा विज्ञान के अभियानों के सच्चे सारथी हैं।

उप मुख्यमंत्री ने बस्तर क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने पर जोर देते हुए घोषणा की कि “विज्ञान तीर्थ दर्शन” अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत युवा वैज्ञानिकों को देश के प्रमुख वैज्ञानिकों के जन्मस्थलों का अध्ययन भ्रमण कराया जाएगा, ताकि वे प्रेरणा लेकर शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम के दौरान “दण्डकारण्य आमचो बस्तर विज्ञान महोत्सव” का विमोचन भी किया गया। यह महोत्सव मार्च से सितंबर 2026 तक आयोजित होगा, जिसमें छात्र-वैज्ञानिक संवाद, ग्राम समिति कार्यशालाएं, लोक विज्ञान सम्मेलन, पारंपरिक वैद्य अध्ययन एवं गोलमेज संगोष्ठी जैसे विविध कार्यक्रम शामिल होंगे।

समारोह में देश के विभिन्न हिस्सों से आए वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के नवीन आयामों पर प्रकाश डाला। बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शोधार्थी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।