छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

तखतपुर में कथावाचक की विवादित टिप्पणी पर बवाल, सतनामी समाज के विरोध के बीच पुलिस ने किया गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा महापुराण के दौरान कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज के विवादित बयान ने बड़ा हंगामा खड़ा कर दिया। सतनामी समाज पर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के बाद समुदाय के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। मामला बढ़ता देख तखतपुर पुलिस ने आशुतोष चैतन्य को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है कि 11 नवंबर को कथा के दौरान कथावाचक ने सतनामी समाज पर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही समुदाय के लोग भड़क उठे। अगले ही दिन, 12 नवंबर को बड़ी संख्या में सतनामी समाज के लोग तखतपुर थाने पहुंचे और कथावाचक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए घेराव किया।

समाज का कहना था कि व्यासपीठ से ऐसे शब्द कहना धार्मिक आस्था को चोट पहुंचाने के साथ ही समाज को बांटने की कोशिश है। समुदाय ने आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी थी। बढ़ते विवाद और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने पंडाल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी थी।

अंततः 15 नवंबर को तखतपुर स्थित कथा स्थल से आशुतोष चैतन्य महाराज को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ FIR भी दर्ज की है। पूरा मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button