छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ में गैस सिलेंडर संकट, लंबी कतारें और कालाबाजारी की शिकायतें

रायपुर। मध्य-पूर्व में बढ़ते अमेरिका-इजराइल और ईरान तनाव की आंच अब भारत तक पहुंचती दिख रही है। छत्तीसगढ़ सहित देश के कई हिस्सों में एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत महसूस की जा रही है, जिससे आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि कुछ जगहों पर कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग-भिलाई, सरगुजा और रायगढ़ समेत कई जिलों में उपभोक्ता तेज धूप में घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। स्थिति तब और बिगड़ गई जब बुकिंग सिस्टम का सर्वर ठप हो गया, जिससे वितरण प्रक्रिया प्रभावित हुई और लोगों का गुस्सा बढ़ गया।

कॉमर्शियल गैस की सप्लाई प्रभावित होने से होटलों और ढाबों पर भी असर पड़ा है। कई प्रतिष्ठानों ने खाने की कीमतों में लगभग 10% तक सरचार्ज जोड़ दिया है। कुछ इलाकों में होटल संचालकों को लकड़ी के चूल्हों का सहारा लेना पड़ रहा है, वहीं कई जगह मेन्यू सीमित कर दिया गया है।

ऑनलाइन और मिस्ड कॉल से सिलेंडर बुकिंग फिलहाल अस्थायी रूप से बंद बताई जा रही है। जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग कर रखी है, उन्हें भी डिलीवरी के लिए 10 से 12 दिन तक इंतजार करने को कहा जा रहा है। हालांकि प्रशासन का दावा है कि घबराने की जरूरत नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button