रायपुर में छत्तीसगढ़–गोवा की अहम मुलाकात, खेल और जनजातीय विकास पर बनी रणनीति

रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गोवा के खेल एवं युवा मामले व जनजातीय कल्याण मंत्री रमेश तावड़कर के बीच अहम मुलाकात हुई। इस दौरान साय ने तावड़कर का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए बस्तर आर्ट का प्रतीक चिन्ह और जशपुर के स्थानीय उत्पाद भेंट किए।
बैठक में दोनों नेताओं के बीच जनजातीय कल्याण और खेलों के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और आधुनिक खेल सुविधाओं के जरिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि देश के पहले ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स’ का आयोजन छत्तीसगढ़ में होना गर्व की बात है। यह आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने के साथ उनकी संस्कृति और आत्मविश्वास को नई पहचान देगा।
गौरतलब है कि रमेश तावड़कर के नेतृत्व में गोवा का प्रतिनिधिमंडल इन खेलों में हिस्सा लेने के लिए छत्तीसगढ़ दौरे पर है। यह दल खेल आयोजन के साथ-साथ मुक्तांगन, आदिवासी संग्रहालय और राज्य की समृद्ध जनजातीय विरासत से जुड़े प्रमुख स्थलों का भी दौरा करेगा।




