छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी को मिली टाटा सिएरा, विश्व कप जीत के बाद सम्मानित

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट और छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी को टाटा सिएरा कार भेंट की। यह सम्मान महिला टीम की विश्व कप जीत के उपलक्ष्य में दिया गया। मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को बधाई देते हुए कहा कि देश की बेटियों ने विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने महिला क्रिकेट टीम को सम्मानित करने की पहल के लिए Tata Motors की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। बेहतर खेल अधोसंरचना के कारण प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों से दूरस्थ इलाकों के युवा भी खेलों से जुड़ रहे हैं, जबकि नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी से प्रदेश में खेलों का सकारात्मक माहौल बना है।

उन्होंने कहा कि महिला टीम की ऐतिहासिक जीत प्रदेश की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। पिछली मुलाकात का उल्लेख करते हुए उन्होंने आकांक्षा के आत्मविश्वास और ऊर्जा की सराहना की और भविष्य में भी टीम की सफलता की कामना की।

आकांक्षा सत्यवंशी ने सम्मान के लिए आभार जताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का स्नेह और प्रोत्साहन हमेशा मनोबल बढ़ाता है। विश्व कप जीत के बाद व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया जाना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में टीम की यात्रा और जीत से जुड़े अनुभव भी साझा किए।

समारोह में भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, आकांक्षा के परिजन और टाटा मोटर्स के प्रतिनिधि मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि आईसीसी महिला विश्व कप 2025 में ऐतिहासिक जीत के बाद टाटा मोटर्स ने टीम की प्रत्येक सदस्य को सिएरा एसयूवी का टॉप मॉडल उपहार देने की घोषणा की थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button