मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आंवला नवमी पर की पूजा-अर्चना, प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की

रायपुर। आंवला नवमी के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ मुख्यमंत्री निवास में आंवला वृक्ष की पारंपरिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस पावन पर्व पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आंवला नवमी, जिसे अक्षय नवमी भी कहा जाता है, भारतीय संस्कृति में धन, आरोग्य और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि आंवला वृक्ष केवल औषधीय गुणों से युक्त ही नहीं, बल्कि यह अध्यात्म और प्रकृति के गहरे संबंध का प्रतीक भी है।
उन्होंने कहा कि मान्यता के अनुसार आंवला वृक्ष के नीचे भोजन करने और आंवला फल का सेवन करने से तन और मन दोनों को शांति मिलती है। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर लोगों से आह्वान किया कि वे प्राकृतिक और औषधीय पौधों के संरक्षण के लिए जागरूक हों।
उन्होंने कहा — “प्रकृति हमारी संस्कृति का आधार है। वृक्ष हमारे जीवन के पोषक हैं, इसलिए उनकी पूजा के साथ उनका संरक्षण भी हमारा दायित्व है।”




