छत्तीसगढ़ में 3,100 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, हेल्थ और टूरिज़्म सेक्टर में नए अवसर

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विज़न के साथ कदमताल करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने “विकसित छत्तीसगढ़” का लक्ष्य तय किया है। पिछले डेढ़ साल में 350 से ज्यादा सुधार लागू हो चुके हैं और अब प्रदेश “इज़ ऑफ डूइंग बिजनेस” से आगे बढ़कर “स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस” की ओर बढ़ रहा है।
सिर्फ एक साल में 7 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
नई औद्योगिक नीति के चलते निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। इसी का नतीजा है कि पिछले एक साल में प्रदेश को करीब 7 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इससे लाखों रोजगार सृजित होंगे और सेवा क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।
हेल्थ सेक्टर में बूम, 11 बड़े अस्पताल प्रोजेक्ट्स
‘छत्तीसगढ़ केयर कनेक्ट’ कार्यक्रम में हेल्थ सेक्टर के लिए 2,466 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव सामने आए। इसमें रायपुर और बिलासपुर के कई सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल शामिल हैं — जैसे मणिपाल हॉस्पिटल, बॉम्बे हॉस्पिटल, माँ पद्मावती इंस्टिट्यूट, नीरगंगा हॉस्पिटल आदि। कुल मिलाकर 6,000 से ज्यादा नए रोजगार सृजित होंगे और प्रदेश को 2,800 से ज्यादा नए बेड्स मिलेंगे।
नवा रायपुर बनेगा मेडिकल हब
नवा रायपुर में मेडिसिटी प्रोजेक्ट से छत्तीसगढ़ एक नेशनल मेडिकल हब के रूप में उभरेगा। इसके साथ ही फार्मा हब की तैयारी भी चल रही है, जो दवा उद्योग को नई दिशा देगा।
होटल और पर्यटन सेक्टर में 652 करोड़ का निवेश
राज्य की सांस्कृतिक धरोहर और जैव विविधता अब निवेशकों को आकर्षित कर रही है। वेस्टिन होटल, होटल जिंजर, इन्फेरियन रिसॉर्ट और अम्यूज़ोरामा जैसे बड़े नामों ने अपने प्रस्ताव दिए हैं। इससे पर्यटन को नई ऊँचाई मिलेगी और 1,000 से अधिक रोजगार सृजित होंगे।
पर्यटन को मिला उद्योग का दर्जा
टूरिज्म को इंडस्ट्री का दर्जा देने के बाद अब होटल, रिसॉर्ट और होम स्टे सेक्टर में निवेशकों को विशेष लाभ मिलेगा। सरकार का उद्देश्य है कि स्थानीय संस्कृति और प्रकृति के जरिए छत्तीसगढ़ को एक नई पहचान दी जाए।
सिंगल विंडो, ‘वन क्लिक’ सिस्टम
राज्य में निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है। जैसे दिल्ली इन्वेस्टर्स समिट के बाद पालीमैटेक कंपनी को तीन महीने में ज़मीन और सभी स्वीकृतियाँ मिल गईं।
एआई और डाटा सेंटर की ओर बढ़ते कदम
नवा रायपुर में एआई डाटा सेंटर पार्क बनाया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ को टेक्नोलॉजी और डाटा मैनेजमेंट के क्षेत्र में लीडर बना सकता है।
पावर हब बनने की तैयारी
छत्तीसगढ़ पहले से कोयला और बिजली उत्पादन में अहम भूमिका निभा रहा है। अब यह देश का प्रमुख पावर हब बनने की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा है।
लोकेशन और कनेक्टिविटी का फायदा
प्रदेश की भौगोलिक स्थिति, रेल-सड़क-हवाई कनेक्टिविटी और प्रशिक्षित मानव संसाधन इसे निवेश के लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन बनाते हैं। एयर कार्गो सेवा की शुरुआत से व्यापार और तेज़ होगा।
सेवा क्षेत्र को नई पहचान
राज्य अब सिर्फ स्टील, सीमेंट और पावर तक सीमित नहीं रहेगा। हेल्थ, होटल, टूरिज़्म और एआई आधारित इंडस्ट्री प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नया मुकाम देंगी।




