छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News
चुप रहने से अपराध छिप नहीं जाएगा: भाजपा

रायपुर
- भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और मंत्री मो. अकबर पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के अपमान के लिए निशाना साधा है।
- भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार के मुखिया और उनके मंत्री राष्ट्रीय ध्वज के घोर अपमान के मामले पर चुप्पी साध कर उसे दबाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें इस मामले को लेकर जरा-भी अपराधबोध नहीं होना निश्चित रूप से गंभीर मसला है।
- मुख्यमंत्री राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर कांग्रेस का झंडा फहराकर राजीव भवन में राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करते हैं और उनके मंत्री राष्ट्रीय ध्वज को सलामी नहीं देकर। इस मामले में अपनी नैतिक जिम्मेदारी लेने के बजाय दोनों महानुभव अपने अपराध पर लीपापोती करने की कोशिश कर रहे हैं।
- श्री श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार इस मामले में कठघरे में है और इस मुद्दे पर चुप्पी साधकर वह कई सवाल पैदा कर रही है। कांग्रेस के नेताओं के मुंह भी सिल गए है, इससे यह साफ जाहिर होता है कि कांग्रेस नेता लोकतंत्र, गांधीवाद के नाम पर सियासत का सिर्फ ढोंग कर रहे हैं। सरकार और कांग्रेस को अब तो इस मुद्दे पर अपना नजरिया साफ करना ही होगा, अन्यथा भाजपा इस मुद्दे पर अपनी रणनीति बनाकर जनआंदोलन खड़ा करेगी।
- श्री श्रीवास्तव ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय अस्मिता के साथ किए गए खिलवाड़ पर भाजपा चुप नहीं बैठने वाली है। पार्टी मुख्यमंत्री की बर्खास्तगी की मांग पर अडिग है।