नवधा रामायण में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, प्रदेश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा आज ग्राम मोटियारी पहुँचे, जहां नवधा रामायण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। उन्होंने भगवान राम की पूजा-अर्चना करते हुए प्रदेश में खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। शर्मा ने रामायण पाठ के दौरान ग्रामीणों के बीच बैठकर रामायण मंडली द्वारा प्रस्तुत प्रभु श्रीराम की जीवन-गाथा को श्रद्धापूर्वक सुना।
उन्होंने कहा कि नवधा रामायण की परंपरा छत्तीसगढ़ के ग्रामीण इलाकों में प्राचीन समय से चली आ रही है। रामायण मंडली के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्शों को गीतों और वाद्यों के जरिए जनमानस तक पहुँचाना हमारी अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है, जिसे आज भी पूरे समर्पण के साथ निभाया जा रहा है।
कार्यक्रम में उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सद्भाव, नैतिकता और संस्कारों को मजबूत बनाते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



