उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जन्मोत्सव में की सहभागिता, समाज के विकास हेतु की कई घोषणाएँ

कवर्धा शहर के भारत माता चौक पर डड़सेना कलार समाज द्वारा भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और समाज के साथ पारंपरिक व आध्यात्मिक उत्सव में सहभागिता की। उन्होंने भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर विजय शर्मा ने रायपुर रोड स्थित भगवान सहस्त्रबाहु चौक के सौंदर्यीकरण और वहां भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि डड़सेना कलार समाज शिक्षा, अनुशासन और एकता के बल पर नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। समाज के युवा प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर प्रशासनिक सेवाओं में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
शर्मा ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए छत्तीसगढ़ सरकार हर स्तर पर सहयोग करेगी। शिक्षा, कौशल विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं का लाभ समाज को प्राथमिकता से दिया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि समाज आगे बढ़ने का संकल्प ले, तो सरकार कंधे से कंधा मिलाकर उसके साथ खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व अध्यक्ष देवकुमारी चंद्रवंशी, सतविंदर पाहुजा, पार्षद दीपक सिन्हा, रूपेन्द्र जयसवाल, गजेंद्र जयसवाल, खेलूराम जयसवाल, आत्माराम जायसवाल, श्याम लाल, बद्री जायसवाल, रोहित और उमराव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और समाजजन उपस्थित रहे।




