छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कुर्मी समाज के अधिवेशन में उप मुख्यमंत्री का संबोधन, सामाजिक भवनों के लिए लाखों की सौगात

रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा दुर्ग जिले के पाटन विकासखंड स्थित ग्राम जामगांव (एम) में आयोजित चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय समाज दुर्ग राज के 56वें वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कुर्मी समाज के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि इस समाज ने देश को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज और सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसे महान व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए सामाजिक एकता को मजबूत करने के लिए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता बताई। उन्होंने समाज के बीच खुद को उपस्थित पाकर आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में महिलाओं की बड़ी भागीदारी पर खुशी जताते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान और अवसर देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में संसद में विशेष सत्र आयोजित कर महिला आरक्षण को आगे बढ़ाने की पहल की जा रही है।

उन्होंने बस्तर समेत पूरे छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त बनाने में सुरक्षा बलों की भूमिका को सराहा और शांति स्थापना के प्रयासों का जिक्र किया। इस अवसर पर उन्नत कृषक पूजा चंद्राकर, व्यवसायी विनोद चंद्राकर और कलाकार पप्पू चंद्राकर को सम्मानित किया गया।

समाज की मांग पर जामगांव (एम) में सामाजिक भवन के लिए डोम शेड और मंच निर्माण तथा ग्राम तर्रा में कुर्मी समाज के भवन के लिए 12 लाख रुपये की घोषणा भी की गई।

वहीं, विधायक ललित चंद्राकर ने समाज के विकास में शिक्षा और संगठन की अहम भूमिका पर जोर देते हुए महिलाओं को आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button