छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

हर घर नल से बहा विकास: कन्हारी में खत्म हुई सालों पुरानी पानी की परेशानी

रायपुर। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के दूरस्थ वनांचल और बैगा जनजाति बहुल ग्राम कन्हारी में अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। जल जीवन मिशन के तहत चल रही हर घर जल योजना ने गांव के लोगों की जिंदगी को नई दिशा दे दी है। अब गांव के हर घर तक नल कनेक्शन के माध्यम से साफ और पर्याप्त पानी पहुंच रहा है, जिससे वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान हो गया है।

पहले हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे। खासकर महिलाओं और बच्चों को पानी लाने के लिए रोजाना दूर-दूर तक जाना पड़ता था। कुएं, नाले और हैंडपंप ही एकमात्र सहारा थे। पानी भरने में कई घंटे लग जाते थे, जिससे बच्चों की पढ़ाई और महिलाओं के अन्य जरूरी काम प्रभावित होते थे। कई बार असुरक्षित जल स्रोतों के कारण बीमारियों का खतरा भी बना रहता था।

अब हर घर में नल से स्वच्छ पानी मिलने से ग्रामीणों की दिनचर्या आसान हो गई है। महिलाओं का समय बच रहा है, जिसे वे परिवार और बच्चों की पढ़ाई में लगा पा रही हैं। साफ पानी मिलने से जलजनित बीमारियों में कमी आई है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के स्वास्थ्य में सकारात्मक बदलाव देखा जा रहा है। इलाज पर होने वाला खर्च भी घटा है, जिससे आर्थिक राहत मिली है।

ग्राम कन्हारी में इस योजना की सफलता का श्रेय ग्राम पंचायत, जल समिति और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास को जाता है। पानी की देखरेख और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने में गांव के लोग सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हर घर जल योजना ने सिर्फ पानी की सुविधा नहीं दी, बल्कि सम्मान, स्वास्थ्य और बेहतर जीवन का मार्ग भी प्रशस्त किया है। यह जनजातीय क्षेत्र में विकास की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button