छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

दुर्ग को मिली अटल पहचान, जेल तिराहा अब कहलाएगा अटल परिसर चौक

रायपुर। अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती और सुशासन दिवस पर दुर्ग शहर को एक नई ऐतिहासिक पहचान मिली। सुवा चौक स्थित जेल तिराहा अब अटल परिसर चौक के नाम से जाना जाएगा। इसी अवसर पर अटल परिसर में अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का भव्य लोकार्पण दुर्ग सांसद विजय बघेल के हाथों संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 115 शहरों में नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण किया। दुर्ग में आयोजन की शुरुआत भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी और अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर माल्यार्पण से हुई। सौंदर्यीकरण से विकसित यह चौक अब शहर की नई पहचान और गौरव का केंद्र बनेगा।

सांसद विजय बघेल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल राजनीति तक सीमित व्यक्तित्व नहीं थे, बल्कि वे विचार, कविता और राष्ट्रभावना के जीवंत प्रतीक थे। उनके नेतृत्व ने भारत को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने बताया कि देशभर में एक साथ 115 स्थानों पर अटल प्रतिमाओं का अनावरण किया जा रहा है।

महापौर अलका बाघमार ने अटल बिहारी वाजपेयी को महान राष्ट्रनेता, संवेदनशील कवि और निर्भीक पत्रकार बताते हुए कहा कि उनके निर्णय जनहित और राष्ट्रहित से प्रेरित रहे। भविष्य में यह चौक अटल स्मृतियों का जीवंत केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। समापन अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए श्रद्धा और संकल्प के साथ किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button