नईदिल्ली: संसद में जांच की मांग को लेकर हुई जोरदार बहस
मुंबई के कमला मिल्स कम्पाउंड के रेस्टुरेंट में लगी आग ने 14 लोगों की जिंदगी छीन ली। इस दर्दनाक हादसे की गूंज संसद के दोनों सदनों में भी सुनाई दी। संसद सदस्यों ने शून्य काल में चर्चा के दौरान मुंबई आग के मुद्दे को उठाया।
लोकसभा में नॉर्थ मुंबई से बीजेपी सांसद के सांसद कीर्ति सोमैया ने सबसे पहले इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने दावा किया कि यह कॉम्प्लैक्स सभी नियम कायदों का उल्लंघन कर बनाया गया है। इसके साथ ही सौमैया ने कहा कि इस साल मुंबई में इस तरह के कई हादसे हुए हैं। जबकि, दक्षिणी मुंबई से सांसद अरविंद सावंत ने भी इस मुद्दे को गर्मजोशी के साथ उठाते हुए पूरी घटना की गहन जांच की मांग की। राज्यसभा में कांग्रेस सांसद रजनी पटेल ने कमला मिल्स कम्पाउंड आग के मुद्दे को उठाया। वह ये बात जनना चाहती थी कि क्या पब, रेस्टुरेंट को लाइसेंस देन से पहले मुंबई कॉर्पोरेशन की तरफ से सुरक्षा की जांच की भी जाती है या नहीं।
पाक में बंद भारतीय मछुआरों का मुद्दा भी उठा
गुजरात में तटवर्ती ओखा क्षेत्र से पाकिस्तान के समुद्री सीमा में भूलवश प्रवेश करने वाले लगभग 500 भारतीय मछुआरों को पाकिस्तान की कैद से रिहा कराने की मांग आज राज्यसभा में उठायी गयी। सपा सदस्य विशम्भर प्रसाद निषाद ने राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाते हुये कहा कि पाकिस्तानी नौसैनिकों द्वारा हाल ही में पकड़े गये इन मछुआरों में बुंदेलखंड के बांदा क्षेत्र के 21 मछुआरे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये मछुआरे रोजगार की तलाश में गुजरात के द्वारका गये थे। निषाद ने कहा कि द्वारका जिले में तटवर्ती ओखा बंदरगाह पर ये मछुआरे सुदूर समुद्र में भूलवश पाकिस्तान के समुद्री क्षेत्र में प्रवेश कर गये होंगे। उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र में सूखे की स्थिति के मद्देनजर सभापति से पाकिस्तान की कराची जेल में बंद इन गरीब मछुआरों की रिहायी के लिये सरकार से गंभीर और त्वरित प्रयास करने का निर्देश देने की मांग की।
शून्यकाल में कई सदस्यों ने निजी एयरलाइन कर्मियों द्वारा यात्रियों के साथ बदसलूकी करने, धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में इजाफा करने, साइबर अपराध रोकने के लिये सख्त कानून बनाने और सोलर लाइट की खरीद पर सांसदों को मिलने वाली छूट में भेदभाव के मुद्दे उठाये। शून्यकाल में सभापति एम वेंकैया नायडू ने कांग्रेस की रजनी पाटिल को कल रात मुंबई स्थित कमला मिल परिसर में आग लगने की घटना का मुद्दा उठाने की विशेष अनुमति दी।