कोरबा दर्री जोन में 2.32 करोड़ के विकास कार्यों की आधारशिला, शिक्षा और सड़क परियोजनाओं को मिली नई गति

कोरबा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देने के लिए वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन लगातार सक्रिय हैं। मंगलवार को कोरबा नगर पालिक निगम के दर्री जोन में आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में सात वार्डों में 2.32 करोड़ की लागत से होने वाले विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन, जल निकासी की सुविधा, शिक्षा और अन्य मूलभूत सेवाओं तक आसान पहुंच मिलेगी, साथ ही सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नया आयाम मिलेगा।
मंत्री देवांगन ने कहा कि कोरबा विधानसभा का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। साथ ही जिले के सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से और गुणवत्तापूर्ण सामग्री के साथ पूरा किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य शीघ्र और गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए पूर्ण किए जाएं।
महापौर संजू देवी राजपूत ने बताया कि जर्जर हो चुके सरकारी स्कूलों के नवीन भवन निर्माण के लिए स्वीकृत राशि के कारण अब सभी स्कूलों का एक साथ निर्माण शुरू किया गया है।
दर्री जोन में फर्टिलाइजर बस्ती, डांडपारा, स्याहीमुड़ी, नीलगिरी बस्ती, ज्ञानज्योति तुलसी नगर, सेमीपाली, लाटा सांस्कृतिक क्षेत्र और शक्ति नगर समेत कई वार्डों में प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के नवीन भवनों का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा कई स्थानों पर सी.सी. रोड, आर.सी. नाली और ओ.पी.व्ही.सी. पाइपलाइन बिछाने जैसे परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी गई।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, पार्षद नरेंद्र देवांगन, मुकुंद सिंह कंवर, राधे यादव, विन्रम तिवारी, किशन कैवर्त, अयोध्या कंवर, सरोज शांडिल्य, जनक सिंह, बुधवार साय यादव, तीरथ साहू, प्रीति दिनेश शर्मा, मंडल अध्यक्ष मनोज लहरे, मनीष मिश्रा, नारायण ठाकुर, मनोज यादव, किशोर साहू सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।




