From Raipur's traffic management to women's safety, the city will now be monitored from the ITMS war room.

रायपुर की ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर महिला सुरक्षा तक, अब ITMS वार रूम से होगी शहर की निगरानी

रायपुर में यातायात व्यवस्था सुधारने, महिला सुरक्षा मजबूत करने, शहर की स्वच्छता सुनिश्चित करने और अवैध निर्माण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन ने समन्वित कार्ययोजना बनाने की दिशा में पहल तेज कर दी है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने जयस्तंभ चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग के तीसरे माले में संचालित इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) वार रूम का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर शहर की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

प्रमुख सचिव ने ITMS वार रूम को सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध तकनीकी संसाधनों, निगरानी व्यवस्था और आंकड़ों का बेहतर उपयोग कर शहरी प्रबंधन तथा नागरिक सुविधाओं को अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए।

यातायात सुधारने के लिए प्रमुख मार्गों का होगा आकलन

बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की संख्या, यातायात के दबाव और सड़कों की क्षमता का आकलन करने पर जोर दिया गया। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस, क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) और नगर निगम की संयुक्त टीम के माध्यम से समन्वित प्रयास करने तथा जनजागरूकता अभियान चलाने पर चर्चा हुई।

सफाई व्यवस्था पर भी रहेगी नजर

शहर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई के साथ घर-घर कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। ITMS की निगरानी व्यवस्था के जरिए गंदगी वाले स्थानों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई। साथ ही नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और कचरे के उचित प्रबंधन पर भी ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

महिला सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को मिलेगी मजबूती

महिला सुरक्षा को बेहतर बनाने और आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल पर चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करने पर जोर दिया।

अवैध निर्माण और खुदाई पर नियंत्रण की तैयारी

शहर में अवैध खुदाई और निर्माण गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के साथ निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया गया, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा बनी रहे और सार्वजनिक स्थलों पर होने वाली परेशानियों को रोका जा सके।

नागरिकों में सिविक सेंस विकसित करने पर जोर

बैठक में यातायात नियमों का पालन, सार्वजनिक संपत्ति का संरक्षण और शहर की व्यवस्थाओं के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी बढ़ाने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी चर्चा हुई। प्रशासन का उद्देश्य नागरिक भागीदारी बढ़ाकर शहर की व्यवस्थाओं को अधिक व्यवस्थित बनाना है।

निरीक्षण के दौरान नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर, सूडा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमित अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित ट्रैफिक पुलिस और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ये खबर भी पढ़ें —:

Leave a Reply