रविवि के 59वें स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुए उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल,शिक्षकों और खिलाड़ियों का किया सम्मान

रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर का 59वां स्थापना दिवस समारोह पं- दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल थे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है,वे हमारे समाज को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं। सर्विस से रिटायर होने पर उनका सामाजिक दायित्व कम नहीं होता,वे समाज के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। मंत्री पटेल का कहना था विश्वविद्यालय में शीघ्र भर्ती के लिए प्रयास किया जाएगा।

मंत्री पटेल ने श्रम दिवस की बधाई देते हुए आज के बोरे बासी पारंपरिक खानपान के स्वाद को याद किया। बोरे बासी की चर्चा पर उपस्थित कर्मचारी, अधिकारी भी प्रसन्नता व्यक्त किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केशरीलाल वर्मा ने की। उन्होंने कहा कि” विश्वविद्यालय शिक्षा में गुणवत्ता बनाये रखने के लिए कृतसंकल्पित है। विगत दो तीन वर्षों में अनेक राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय सेमिनार , कार्यशालाएं आयोजित हुए हैं, शिक्षा का स्तर बनाये रखने में इनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है, अनेक भवन निर्माण कार्य , परिसर को हराभरा बनाये रखने का प्रयास किया जा रहा है। हमारे अधिकारी,कर्मचारी पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रहे हैं। विश्वविद्यालय के निरंतर ज्ञान क्षितिज का विस्तार हो रहा है। ‘विज्ञान सर्वत्र पूज्यते’ का वृहद स्तर पर आयोजन किया गया, छात्र अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं यह विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात है।

कार्यक्रम के दौरान 1 मई 2019 से 30 अप्रैल 2022 तक सेवानिवृत्त 16 शिक्षकों एवं 36 कर्मचारियों का सम्मान किया गया। इस अवधि में विश्वविद्यालय के 2 दिवंगत शिक्षक एवं 13 दिवंगत कर्मचारियों के परिजनों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के अगली कड़ी के रूप में विश्वविद्यालय के 6 उत्कृष्ट खिलाड़ियों,जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किए। राष्ट्रीय सेवा योजना के 5 उत्कृष्ट स्वयं सेवक जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट कार्य किया एवं विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट]विशेष उपलब्धि के लिए 5 छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

बैंक आफ बड़ौदा की ओर से विश्वविद्यालय के चयनीत 5 छात्र-छात्राओं को सम्मान भी इसी कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया।
अध्यापक शिक्षा संस्थान के छात्र-छात्राओं द्वारा मन-मोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुती हुई। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. गिरीश कांत पाण्डेय ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया।
