
रायपुर। राजधानी के महादेवघाट में निर्मित अस्थाई विसर्जन कुंड सहित विभिन्न तालाबों में बनाए गए अस्थाई विसर्जन कुंडों में भगवान गणेश की मूर्तियों का विसर्जन जारी है। बुधवार सुबह तक लगभग 8080 छोटी मूर्तियां और लगभग 665 बड़ी मूर्तियां महादेवघाट के अस्थाई विसर्जन कुंड में विसर्जित की जा चुकी हैं। यह क्रम निरंतर अभी भी महादेवघाट के अस्थाई विसर्जन कुंड में जारी है।
नगर निगम आयुक्त प्रभात मलिक ने महादेवघाट के अस्थाई विसर्जन कुंड की प्रशासनिक व्यवस्था के अंतर्गत अब विसर्जन व्यवस्था के लिए लगाई गई ड्यूटी को 23 सितंबर को दोपहर 2 बजे तक बढ़ाने का आदेश जारी किया है। कोरोना प्रोटोकॉल नियमों का पूर्ण पालन सावधानी के साथ करने और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के मूर्ति विसर्जन के लिए जारी सभी दिशा- निर्देशों, छत्तीसगढ़ शासन के पर्यावरण विभाग एवं रायपुर जिला प्रशासन के जारी समस्त निर्देशों का कड़ाई से पालन करवाने कहा है। शहर के विभिन्न तालाबों में अस्थाई कुंडों में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भगवान गणेश की छोटी मूर्तियों का पूजन करके विसर्जन किया। नगर निगम के जोन 8 की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आज भी सुबह महादेवघाट के अस्थाई विसर्जन कुंड में विशेष टीम भेजकर सेनेटाइज स्प्रे करवाया गया। मूर्ति विसर्जन के दौरान जोन 8 की विशेष टीम ने निरंतर सफाई करवाई। फागिंग अभियान चलाया गया।